



भागलपुर में काली पूजा का विसर्जन शोभायात्रा देर रात बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में “जय मां काली” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
हर वर्ष की तरह इस बार भी भागलपुर की काली प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा लगभग 36 घंटे तक चलने वाली है, जिसमें सैकड़ों मूर्तियां कतारबद्ध होकर नगर भ्रमण करती रहीं। शोभायात्रा के दौरान शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क रहा। सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार और सिटी डीएसपी अजय चौधरी स्वयं शोभायात्रा की निगरानी कर रहे थे। विभिन्न चौकों पर रैपिड एक्शन फोर्स और बिहार पुलिस की तैनाती की गई थी। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था पर नज़र रखने के लिए ड्रोन कैमरे से भी लगातार निगरानी की जा रही थी।

जैसे ही परवत्ती मां काली की प्रतिमा स्टेशन चौक पहुंची, केंद्रीय काली पूजा महारानी समिति की ओर से विधिवत रूप से मां काली की आरती उतारी गई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने माता के जयकारों के साथ भक्ति में लीन होकर दर्शन किए।
भव्य शोभायात्रा में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे भी उपस्थित रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ मां काली का आशीर्वाद लिया और आयोजन की सराहना की। देर रात तक चलने वाले इस विसर्जन यात्रा ने पूरे भागलपुर शहर को भक्ति और उत्साह के रंग में रंग दिया।
















