



भागलपुर में मेला देखने जा रहे एक ही परिवार के दो लोग सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। वर्तमान में दोनों का इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है।

घायलों की पहचान सुल्तानगंज निवासी केदार मंडल के पुत्र सुभाष कुमार और संजय मंडल के पुत्र मिठू कुमार के रूप में हुई है। दोनों आपस में रिश्तेदार हैं और एक साथ बाइक से गंगनिया मेला देखने जा रहे थे। रास्ते में अचानक एक अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार एक युवक के सिर में गहरी चोट लगी है, जबकि दूसरे के हाथ और पैर में फ्रैक्चर की आशंका है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक कुछ दिन पहले ही परदेश से घर लौटे थे। वे बाहर मजदूरी का कार्य करते थे और काली पूजा के अवसर पर छुट्टी में घर आए थे। शुक्रवार को वे मेला देखने निकले थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मायागंज अस्पताल पहुंच गए और दोनों के इलाज में लगे हुए हैं। परिजनों ने बताया कि हादसा अचानक हुआ और अज्ञात वाहन चालक टक्कर मारकर फरार हो गया।
सुल्तानगंज थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
















