



भागलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, सियासी बयानबाज़ी भी अपने चरम पर पहुंच गई है। गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे ने भागलपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महागठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करना महज़ एक राजनीतिक लॉलीपॉप है, जिससे जनता को गुमराह किया जा रहा है।

सांसद दुबे ने कहा कि कांग्रेस ने जिन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, उनमें कई पर पहले से ही राजद प्रत्याशी मैदान में हैं। यह गठबंधन नहीं, बल्कि आपसी टकराव की स्थिति है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि “महागठबंधन अब ‘महाविरोधाभास’ बन गया है, जहां एक-दूसरे के हितों की जगह केवल कुर्सी की राजनीति हावी है।”
मुकेश सहनी पर निशाना साधते हुए दुबे ने कहा कि जब वे खुद चुनाव नहीं लड़ रहे हैं, तो उन्हें उपमुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने का औचित्य क्या है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की राजनीति सिर्फ सत्ता की भूख पर आधारित है, जबकि बिहार की जनता अब इन दिखावे और छलावे की राजनीति को अच्छी तरह पहचान चुकी है।

निशिकांत दुबे ने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में जनता एक बार फिर विकास, स्थिरता और सुशासन की सरकार के लिए एनडीए के पक्ष में मतदान करेगी।
















