



नवगछिया । गोपालपुर थाना क्षेत्र के तीनटंगा जहाज घाट पर गुरुवार सुबह करीब 8 बजे स्नान करने के दौरान 12 वर्षीय किशोरी निशा कुमारी गंगा नदी में डूब गई और उसकी मौत हो गई। मृतका नवगछिया थाना क्षेत्र के नगरह वार्ड संख्या 4 निवासी राजकुमार सिंह की पुत्री थीं।

मिली जानकारी के अनुसार, छठ पर्व को लेकर निशा अपने पिता के साथ तीनटंगा गंगा घाट स्नान करने गई थी। घाट पर उनके साथ पड़ोस के आधा दर्जन से अधिक लोग भी गंगा स्नान कर रहे थे। अचानक निशा का पांव फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने के लिए नदी में कूदने का प्रयास किया, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण वह अथाह पानी में डूब गई। घटना के समय निशा को डूबते देख उनके पिता राजकुमार सिंह फूट-फूटकर रोने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना की पुलिस और अंचलाधिकारी एसडीआरएफ टीम गंगा घाट पहुंचे और शव की तलाश शुरू की। चार घंटे की खोजबीन के बाद दोपहर करीब 1 बजे ग्रामीणों के सहयोग से तीनटंगा घाट से पूरब दिशा में निशा का शव बरामद किया गया। गोपालपुर पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया भेज दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के घर में कोहराम मच गया। मां नीतू देवी दहाड़ मारकर रोने लगीं। मृतका के भाई किशन कुमार, बड़ी बहन सोनी कुमारी और वृद्ध दादी समेत अन्य परिजन भी गहरे सदमे में हैं। निशा अपने दो बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी और मध्य विद्यालय नगरह में आठवीं कक्षा की छात्रा थी। पिता टोटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
गोपालपुर थानाध्यक्ष पुनि मिथलेश कुमार ने बताया कि परिवार जनों के साथ गंगा में स्नान करने के क्रम में यह दुखद घटना हुई। पिता के बयान के आधार पर गोपालपुर थाना में यूडी केस दर्ज किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद मृतका के माता-पिता को सरकारी सहायता भी प्रदान की जाएगी।
















