



नवगछिया । गुरुवार को झंडापुर थानाक्षेत्र के जमालपुर रेल ढाला के पास पोखर में औलियाबाद बिचली काली प्रतिमा का विसर्जन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। विसर्जन के बाद लोग अपने-अपने घरों की ओर लौट रहे थे कि इसी दौरान किसी मामूली विवाद को लेकर बहसबाजी शुरू हो गई, जो जल्दी ही औलियाबाद और जमालपुर व मड़वा के युवकों के झुंड के बीच मारपीट में बदल गई।

घटना के दौरान स्थिति बिगड़ते ही पत्थरबाजी भी शुरू हो गई। इस बीच कुछ लोग और घाट पर तैनात प्रतिनियुक्त आपदा मित्र, जो बीच बचाव के लिए आए थे, भी मारपीट और पत्थरबाजी में घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस बलों ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रण में लिया और मारपीट को शांत कराया।

इस मारपीट में जमालपुर और मड़वा के रविरोशन, देवनंदन रजक, गोलू कुमार चौधरी, विरेंद्र रजक, बिकलू रजक, चंदन कुमार सहित डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। उन्हें गंभीर चोटों के साथ बिहपुर सीएचसी में प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। किसी के सिर फट गए तो किसी को गंभीर चोटें लगी हैं। वहीं औलियाबाद गांव के घायल युवक ने अपने निजी स्तर पर इलाज कराया।
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी पक्ष द्वारा अभी तक थाना में कोई आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रही है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयार है।
















