



मैदान में, भागलपुर में चुनावी तस्वीर साफ
भागलपुर। भागलपुर के चुनावी अखाड़े की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि गुजरते ही शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने समीक्षा भवन में संवाददाता सम्मेलन कर चुनावी समीकरणों का खुलासा किया।

डीएम ने बताया कि सात विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन और जांच के बाद कुल 85 प्रत्याशी मैदान में थे, मगर तीन ने अपना नाम वापस ले लिया। गोपालपुर, पीरपैंती और सुल्तानगंज से एक-एक प्रत्याशी हट गए, जिसके बाद अब 82 उम्मीदवार चुनावी मैदान में डटे हैं।
किस सीट पर कितने उम्मीदवार
बिहपुर: 10, गोपालपुर: 10,पीरपैंती (अजा): 10, कहलगांव: 13,भागलपुर: 12,सुल्तानगंज: 12,नाथनगर: 15
भागलपुर जिले में कुल 22 लाख 30 हजार 208 मतदाता हैं, जिनमें पुरुष 11,49,215 तथा महिला 10,80,912, थर्ड जेंडर: 81। इसके अलावा 21,970 दिव्यांग मतदाता, 11,529 वरिष्ठ नागरिक (85 वर्ष से ऊपर) और 6,002 सेवा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

जिले में 2686 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 2678 भवनों में और 8 सहायक केंद्र शामिल हैं।साथ ही 12 चलंत, 37 आदर्श, 14 सखी, और 7 पीडब्ल्यूडी मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं, ताकि हर मतदाता तक सुविधा पहुंच।
चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त इंतजाम किए हैं – 90 स्टेटिक सर्विलांस टीम, 23 फ्लाइंग स्क्वॉड, 302 सेक्टर अधिकारी, 7 वीडियो व्यूइंग टीम, 7 वीडियो सर्विलांस टीम तैनात की गई हैं। साथ ही 8 सहायक व्यय प्रेक्षक भी निगरानी करेंगे।
डीएम ने बताया कि जिले में 6 डिस्पैच सेंटर और 2 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं। आचार संहिता उल्लंघन पर की गई कार्रवाइयों की जानकारी भी साझा की गई। संवाददाता सम्मेलन में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता और उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती श्वेता कुमारी मौजूद रहीं।
कुल मिलाकर, भागलपुर में अब चुनावी रणभूमि सज चुकी है – 82 उम्मीदवार, लाखों मतदाता और प्रशासन की कड़ी निगरानी के बीच लोकतंत्र का उत्सव चरम पर है।
















