



भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को उनके कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें चुनावी तैयारियों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि आम मतदाताओं के बीच मतदान प्रक्रिया की सही जानकारी सुनिश्चित कराने हेतु प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी व अपर समाहर्ता विधि-व्यवस्था की देखरेख में जागरूकता से संबंधित वीडियो तैयार किए जाएँ। साथ ही पीडब्ल्यूडी (दिव्यांग) मतदाताओं, बुजुर्गों और युवा मतदाताओं के लिए भी अलग-अलग शॉर्ट वीडियो बनाए जाएँ ताकि मतदान में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।

ईपीआईसी (मतदाता पहचान पत्र) वितरण की समीक्षा के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि पोस्ट ऑफिस के माध्यम से ईपीआईसी वितरण किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने डाक अधीक्षक को प्रतिदिन प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने भवन निर्माण विभाग को भी निर्देश दिया कि डिस्पैच सेंटर और काउंटिंग सेंटर परिसर में आवश्यक निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि मतदान कर्मियों और अभ्यर्थियों के काउंटिंग एजेंटों को स्थान की स्पष्ट जानकारी मिल सके। डिस्पैच सेंटर पर सुधा का स्टॉल लगाने, सीसीटीवी कैमरा और साउंड सिस्टम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया।
बैठक में अपर समाहर्ता विधि-व्यवस्था, अपर समाहर्ता लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
















