



भागलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 11 नवंबर को भागलपुर में मतदान होना है। इसे लेकर जिला प्रशासन की ओर से लगातार मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सैनडिस्क कंपाउंड स्थित ओपन थिएटर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। मंच पर अंगिका की प्रसिद्ध लोकगायिका अर्पिता चौधरी ने अपने मनमोहक गीतों के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। उनके गीतों ने कार्यक्रम में उत्साह का माहौल पैदा कर दिया और दर्शकों को मतदान के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि मतदान करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार और जिम्मेदारी है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सभी पात्र मतदाता 11 नवंबर को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाकर मतदान अवश्य करें।

जिला प्रशासन ने आशा व्यक्त की है कि इस जागरूकता अभियान के सकारात्मक प्रभाव से अधिक से अधिक मतदाता मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे।
















