



भागलपुर । लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत तथा नगर आयुक्त शुभम कुमार ने संयुक्त रूप से सबौर प्रखंड के राजंदीपुर से लेकर भागलपुर नगर निगम क्षेत्र के बूढ़ानाथ घाट तक सभी छठ घाटों का नाव द्वारा निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. चौधरी ने कहा कि छठ पर्व पवित्रता एवं आस्था का प्रतीक है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी घाटों पर साफ-सफाई, स्वच्छ जल की उपलब्धता, वॉच टावर, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था कराई गई है। खतरनाक घाटों पर बांस-बल्ला लगाकर सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। साथ ही गोताखोर, नाव और सुरक्षा बल की विशेष तैनाती की गई है।

जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि वे किसी भी खतरनाक घाट या गहरे पानी के हिस्से में जाने से बचें और बच्चों को भी वहां जाने से रोकें। भीड़ नियंत्रण के लिए सभी से आग्रह किया कि वे लाइन में चलें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल पंजीकृत नावों को ही चलाने की अनुमति होगी तथा प्रशिक्षित नाविक ही नाव संचालन करेंगे। बिना पंजीकरण वाले नाव चालकों पर सख्त प्रतिबंध रहेगा।
वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने भी भागलपुरवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी प्रमुख घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक घाट पर पुलिस बल एवं महिला पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। महत्वपूर्ण घाटों पर सीसीटीवी कैमरे और नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही लाउडस्पीकर की व्यवस्था भी होगी ताकि आवश्यक सूचनाओं का त्वरित संप्रेषण संभव हो सके।
एसएसपी ने आम नागरिकों से सुरक्षित और शांतिपूर्ण रूप से पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अंतिम अर्घ्य के बाद देर रात तक जागने की वजह से सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए थकान में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, उप नगर आयुक्त, एसडीआरएफ टीम सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
















