



भागलपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने आज भागलपुर स्थित एनडीए कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महागठबंधन अब महालठबंधन बन चुका है। सीट बंटवारे को लेकर विपक्षी दलों के बीच चल रहे मतभेद अब खुलकर सामने आ गए हैं, जिससे जनता उनके असली चेहरे को पहचान चुकी है।
जायसवाल ने चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे विपक्ष के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि विपक्ष खुद भ्रम फैलाने में लगा है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने जननायक कर्पूरी ठाकुर की उपाधि को ही अपने नाम के साथ जोड़ लिया है, जिसे जनता ने बिल्कुल पसंद नहीं किया।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास चुनाव में उठाने लायक कोई मुद्दा नहीं है, इसीलिए वे सिर्फ जुमलेबाजी कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। कभी सोने का कटोरा तो कभी चांदी का चम्मच देने की बात कहकर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है। लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है और बहकावे में आने वाली नहीं है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि बिहार में एनडीए के पक्ष में जबरदस्त माहौल है और वर्ष 2025 में एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान भागलपुर विधानसभा सीट से एनडीए प्रत्याशी रोहित पांडे, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष साह, भाजपा बिहार मीडिया पैनलिस्ट डॉ. प्रीति शेखर सहित एनडीए के सभी घटक दलों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।















