



भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में सिगरेट को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झगड़े में तब्दील हो गया। नशे में धुत युवक ने दो सगे भाइयों पर हथियार के बट से हमला किया और एक महिला के साथ बदसलूकी भी की।

घटना के संबंध में घायल पुष्पांकर दास ने बताया कि उसका भाई सुभाष दास दुकान पर बैठा था। इसी दौरान गांव का ही विकास वहां पहुंचा और सिगरेट मांगने लगा। सुभाष ने पहले पैसे देने की बात कही, जिस पर विकास भड़क गया और जबरदस्ती सिगरेट लेकर जाने लगा। विरोध करने पर उसने देसी कट्टे के बट से सुभाष पर वार कर दिया।
आरोप है कि हमले के बाद विकास ने अपने साथियों छोटू, राजकुमार समेत अन्य लोगों को बुलाकर सुभाष व पुष्पांकर की बेरहमी से पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने आई सुभाष की पत्नी के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।

मारपीट में घायल दोनों भाइयों को गंभीर स्थिति में मायागंज अस्पताल, भागलपुर में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने कहलगांव थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपितों की तलाश जारी है।

















