



भागलपुर । भवानीपुर थाना क्षेत्र के मौजमाबाद वार्ड संख्या 9 में वसोवास की दो कट्ठा जमीन पर कब्जा करने को लेकर दबंगों द्वारा एक महिला और उसके पुत्र के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता डेजी देवी, पति पंकज कुमार चौधरी ने भवानीपुर थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया कि 29 अक्टूबर की रात लगभग आठ बजे पड़ोसी महंथी चौधरी, दीपक कुमार, दिलखुश कुमार, चिक्कू कुमारी उर्फ प्रिया, गुलशन कुमारी, गुड़िया कुमारी (सभी महंथी चौधरी की संतान) तथा रंजू देवी (पत्नी महंथी चौधरी) अपने हाथों में लाठी-बांस लेकर जबरन घर में घुस आए। उन्होंने पहले आंगन का टाटिया उखाड़ा, फिर पुत्र नीतिश कुमार पर हमला कर दिया।

जब डेजी देवी ने बेटे को बचाने की कोशिश की, तो आरोपितों ने उनके बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों तथा बांस से बेरहमी से पीटने लगे, जिससे वे अर्धनग्न अवस्था में बेहोश हो गईं। आरोप है कि हमलावरों ने कान की बाली भी छीन ली। आसपास के लोगों के हस्तक्षेप से मां-बेटे की जान बच सकी। ग्रामीणों ने घायल अवस्था में दोनों को नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

पीड़िता ने बताया कि आरोपित लोग दबंग प्रवृत्ति के हैं और पहले भी कई बार उनके परिवार पर हमला कर चुके हैं। पंचायत के माध्यम से विवाद सुलझाने की कोशिशें हुईं, परंतु आरोपित किसी की बात नहीं मानते और लगातार जमीन पर कब्जे का प्रयास कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, लगातार उत्पीड़न से तंग आकर डेजी देवी ने गुरुवार सुबह विषपान कर आत्महत्या करने का प्रयास किया, लेकिन परिवार वालों की तत्परता से उनकी जान बच गई। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अब उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि दबंगों ने केस करने पर गोली मारने की धमकी दी है, जिससे परिवार भयभीत है।
इस संबंध में भवानीपुर थानाध्यक्ष पुनि शंभु कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच के लिए पुलिस पदाधिकारी को घटनास्थल पर भेजा गया है। जांचोपरांत आरोपितों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















