


भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में चुनाव संपन्न कराने को लेकर भागलपुर जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों के लिए पीठासीन पदाधिकारी, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण भागलपुर शहरी क्षेत्र के छह केंद्रों पर आयोजित किया गया है, जहां मतदान दिवस पर मतदान प्रक्रिया, ईवीएम संचालन, मॉक पोल, पोलिंग एजेंट की नियुक्ति और मतदान केंद्रों पर विधि-व्यवस्था के संधारण संबंधी जानकारी दी जा रही है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी भागलपुर डॉ. नवल किशोर चौधरी ने गुरुवार को मारवाड़ी पाठशाला स्थित प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कई पीठासीन एवं प्रथम मतदान पदाधिकारियों से फीडबैक लिया और प्रशिक्षण से संबंधित कई प्रश्न पूछे। साथ ही उन्होंने मतदान प्रक्रिया के विभिन्न बिंदुओं को विस्तार से समझाया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण से संबंधित प्रश्नावली सेट तैयार किया जाए ताकि मतदान कर्मियों को सभी पहलुओं की बेहतर जानकारी प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता जतिन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
















