5
(1)

भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत भागलपुर जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में चुनाव संपन्न कराने की तैयारी को लेकर समीक्षा भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने संयुक्त रूप से की, जबकि नवगछिया की पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने वरनबिलिटी मैपिंग को लेकर सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे थानावार समीक्षा कर पुनः चिन्हित संवेदनशील व्यक्तियों को बाउंड डाउन करवाएं तथा कुख्यात अपराधियों के विरुद्ध क्षेत्र बदर का प्रस्ताव तैयार करें।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में कुल 2687 लाइसेंसी शस्त्रों में से 930 शस्त्र अब तक जमा कराए गए हैं। इस पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि दो दिनों के भीतर 50 प्रतिशत और चार दिनों में 70 प्रतिशत शस्त्रों का जमा होना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शत-प्रतिशत शस्त्र चुनाव पूर्व जमा कराए जाने चाहिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि यदि कोई व्यापारी अपनी निजी सुरक्षा के लिए शस्त्र रखने की अनुमति मांगता है या किसी सुरक्षा गार्ड के लिए अनुमति की आवश्यकता होती है, तो उसे विचार कर अनुमति दी जा सकती है। इसी प्रकार अभ्यर्थियों के बॉडीगार्ड को भी शस्त्र रखने की अनुमति दी जा सकती है।

बैठक में बताया गया कि बीएनएस की धारा 126 और 127 के तहत अब तक जिले में 12,401 लोगों को बाउंड डाउन किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सीसीए-3 एवं सीसीए-12 के अंतर्गत क्षेत्र बदर किए गए अपराधियों की नियमित हाजिरी सुनिश्चित की जाए। संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी यह प्रमाणित करेंगे कि उनके क्षेत्र में क्षेत्र बदर अपराधी थाना में उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं या नहीं। यदि कोई अपराधी उपस्थित नहीं होता है, तो उसे तुरंत गिरफ्तार कर जिला दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाए।

नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने बताया कि गुंडा पंजी के अंतर्गत दर्ज अपराधियों का सत्यापन प्रत्येक रविवार को कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ऐसे अपराधियों का यह भी सत्यापन किया जाए कि वे अब भी अपने क्षेत्र में रह रहे हैं या कहीं अन्यत्र चले गए हैं।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने कहा कि एसएसटी पॉइंट्स पर प्रतिनियुक्त स्टैटिक मजिस्ट्रेट और फ्लाइंग स्क्वायड टीम द्वारा अब और अधिक गहन जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जितनी टीमों की प्रतिनियुक्ति की गई है, उसके अनुरूप जब्ती रिपोर्ट प्राप्त नहीं हो रही है। अतः अब प्रतिदिन जांच की जाए और अवैध वस्तुओं की जब्ती सुनिश्चित हो।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि थाना प्रभारी अपने क्षेत्र के प्रत्याशियों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखें और उनके भ्रमण के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करें। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी प्रत्याशियों और उनके काफिलों के वाहनों की भी सघन जांच करने के निर्देश दिए।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जितिन कुमार सहित विभिन्न कोषांगों के पदाधिकारी एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: