



भागलपुर । सन्हौला प्रखंड के सनोखर बाजार में कार्तिक मेला के अवसर पर श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ की शुरुआत शुक्रवार को भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ हुई। सनोखर बाजार स्थित शिव मंदिर से सैकड़ों महिलाएं और युवतियां गाजे-बाजे के साथ कलश में पवित्र जल भरकर पूरे गांव का भ्रमण करते हुए कार्तिक मंडप पहुंचीं। वहां संध्याकालीन सत्र में सात दिवसीय भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

भागवत कथा के यजमान हरिहर तांती हैं, जबकि वृंदावन से आई कथावाचिका देवी नीलमणि के मुखारविंद से श्रद्धालु सात दिनों तक अमृतमयी कथा का रसास्वादन करेंगे। कार्तिक पूजा के यजमान अंकित टेकरीवाल ने बताया कि 5 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भगवान कार्तिक की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

मेला समिति के अध्यक्ष नितिन भगत ने बताया कि इस वर्ष मेले में विशेष आकर्षण के रूप में 7 नवंबर को बच्चों की नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें स्थानीय और बाहर से आए बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कोषाध्यक्ष निक्कू कुमार ने बताया कि मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए तारामाची, ब्रेक डांस, ड्रैगन ट्रेन और नौका झूले जैसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
कलश शोभा यात्रा के दौरान भीम साह, प्रियांशु राज, अमित गुप्ता, प्रदीप साह, कृष्ण पांडे, प्रमोद मंडल, शिवांशु, रूपेश, सोल्जर, रौनक सहित मेला समिति के सभी सदस्य एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इससे पूर्व गुरुवार की शाम सनोखर थानाध्यक्ष पंकज किशोर ने मेला शांति समिति एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि मेले के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा।















