



भागलपुर। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चांदपुर पंचायत के चांदपुर गांव में सैकड़ों महिलाओं से करोड़ों रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। महिलाओं ने आरोप लगाया है कि आयुष कुमार झा उर्फ सल्लू झा (उम्र लगभग 25 वर्ष), पिता रामाकांत झा, ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के नाम पर उनसे धन की उगाही की और अब फरार हो गया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने महिलाओं को यह विश्वास दिलाया था कि उनके पैसे जमा करने पर उन्हें योजनाओं के तहत लाभ और बोनस राशि मिलेगी। धीरे-धीरे उसने गांव की सैकड़ों महिलाओं से लाखों रुपये इकट्ठा कर लिए। जब लंबे समय तक किसी योजना का लाभ नहीं मिला और महिलाओं ने अपनी राशि वापस मांगनी शुरू की, तो आरोपी ने बहाने बनाने शुरू कर दिए।
शुक्रवार को दर्जनों महिलाएं अपनी जमा राशि की मांग को लेकर आरोपी के घर पहुंचीं, लेकिन तब तक वह घर छोड़कर फरार हो चुका था। इस घटना से पूरे गांव में आक्रोश फैल गया। महिलाओं ने सामूहिक रूप से प्रशासन से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और ठगी गई राशि की वापसी की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी काफी समय से गांव में विभिन्न योजनाओं के नाम पर लोगों से पैसे वसूल रहा था, लेकिन किसी को इसकी सच्चाई का अंदाजा नहीं था। अब ठगी का मामला सामने आने के बाद गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।
स्थानीय प्रशासन ने मामले की जानकारी प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

















