



भागलपुर। कचहरी चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय में भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर भागलपुर के कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा ने इंदिरा गांधी और सरदार पटेल के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि भारत के विकास और मजबूती में इन दोनों नेताओं का योगदान अमूल्य है। इंदिरा गांधी ने अपने साहसिक निर्णयों और सशक्त नेतृत्व से देश को नई दिशा दी, वहीं सरदार पटेल ने अपने अदम्य प्रयासों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया।
अजीत शर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी ने हर वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए काम किया और देश की आत्मनिर्भरता की नींव रखी। सरदार पटेल का योगदान हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा, जिन्होंने रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर आधुनिक भारत की आधारशिला रखी।

श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और युवाओं ने भाग लिया। सभी ने दोनों नेताओं के आदर्शों और विचारों पर चलने का संकल्प लिया और देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए योगदान देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
















