



भागलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, जिले की सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। एनडीए गठबंधन के प्रचार अभियान में भागलपुर के सांसद अजय मंडल लगातार सक्रिय हैं और जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में दौरा कर रहे हैं। शनिवार को उन्होंने भागलपुर विधानसभा के विभिन्न इलाकों में भाजपा प्रत्याशी रोहित पांडे के समर्थन में जनसंपर्क किया।

सांसद अजय मंडल ने इस दौरान कहा कि “इस बार कमल खिल चुका है, अब जनता के सहयोग की आवश्यकता है।” मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मतभेद की चर्चाओं पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार हमारे गार्जन हैं, हम उनके बच्चे हैं। कोई भी बच्चा जब कुछ चाहता है, तो अपने गार्जन से ही मांगता है — चाहे पानी दे या हुक्का, वही देगा। मैं भी अपने गार्जन से ही गुहार लगा रहा हूं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि एनडीए में सब कुछ ठीक है और सभी दल मिलकर बिहार में स्थिर सरकार बनाने के लिए पूरी तरह एकजुट हैं।

वहीं, बिहपुर के एनडीए प्रत्याशी इंजीनियर शैलेंद्र द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय मंडल ने कहा, “ऐसी कोई बात नहीं है। मैं एनडीए के लिए जिया हूं और एनडीए के लिए ही जीता रहूंगा। भागलपुर की सातों सीटों पर इस बार कमल खिलेगा।”
सांसद मंडल ने आगे बताया कि आगामी 6 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भागलपुर में एक ऐतिहासिक जनसभा आयोजित की जाएगी, जो अब तक की सबसे बड़ी रैली होगी। उन्होंने कहा कि यह रैली न केवल एनडीए की एकता और ताकत को प्रदर्शित करेगी, बल्कि भागलपुर के राजनीतिक इतिहास में नया कीर्तिमान भी स्थापित करेगी।
जनसंपर्क के दौरान सांसद अजय मंडल ने लोगों से अपील की कि वे एकजुट होकर भाजपा और एनडीए प्रत्याशियों को विजयी बनाएं, ताकि विकास की रफ्तार और तेज़ हो सके।
गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे पर टिप्पणी करते हुए अजय मंडल ने कहा कि “उन्हें झारखंड पर ध्यान देने की जरूरत है, न कि भागलपुर विधानसभा पर। अगर झारखंड में एनडीए की सरकार नहीं बनती है, तो इसका सीधा जिम्मेदार निशिकांत दुबे ही होंगे।”
















