



नवगछिया अनुमंडल के ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने एक बार फिर जिले का मान बढ़ाया है। खेल विभाग, बिहार सरकार द्वारा आयोजित बिहार राज्य विद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2025 का आयोजन शेखपुरा में किया गया, जिसमें भागलपुर जिले की ओर से खेलते हुए तीन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

अंकुर आनंद, सूरज कुमार और अमन कुमार ने अपने-अपने भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बिहार में तीसरा स्थान प्राप्त किया और कांस्य पदक जीता। मीडिया प्रभारी विकास चौरसिया ने बताया कि तीनों खिलाड़ी उच्च विद्यालय, लत्तीपाकर, गोपालपुर के छात्र हैं और उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद यह उपलब्धि हासिल की है।
जिला के मुख्य कोच घनश्याम प्रसाद ने कहा कि यदि सरकार इन खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराए, तो वे राष्ट्रीय स्तर पर भी पदक जीतकर जिले और राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं।

पदक जीतने पर जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार, नवगछिया खेल संघ के अध्यक्ष रामदेव प्रसाद यादव, जिला ताइक्वांडो संघ के महासचिव घनश्याम प्रसाद, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जेम्स, ताइक्वांडो कोच मोनी कुमारी, खेल शिक्षक मोहम्मद गुलाम मुस्तफा, फूड प्लाज़ा के संस्थापक संतोष कुमार, मोहम्मद नाजिम, अमित कुमार और कंचन सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
















