



भागलपुर जिले के पीरपैंती बाजार वार्ड संख्या 06 में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब घरेलू गैस सिलेंडर लीक होने से मोहम्मद जहीर के घर में भीषण आग लग गई। बताया जाता है कि नया गैस सिलेंडर भरवाकर घर लाया गया था। जैसे ही सिलेंडर को चूल्हे से जोड़ा गया और माचिस जलाई गई, उसी क्षण सिलेंडर के मुंह से गैस लीक होकर उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें पूरे घर में फैल गईं और सब कुछ जलकर खाक हो गया।

घर में मौजूद बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई काबू नहीं पा सका। स्थिति गंभीर होती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि, दमकल के पहुंचने से पहले ही सिलेंडर की गैस खत्म हो गई, जिससे आग की तीव्रता कुछ कम हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने मोटर से पानी डालकर आग पर काबू पाया।
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग को पूरी तरह ठंडा किया और किसी प्रकार की पुनः लपट न उठे इसके लिए आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया। इस हादसे में घर के कपड़े, बिस्तर, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए।

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगते ही पूरे मोहल्ले में भगदड़ मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते गैस समाप्त नहीं होती और फायर ब्रिगेड देर से पहुंचती, तो नुकसान और भी भयावह हो सकता था। फिलहाल पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ रहा है।
















