4
(1)

नवगछिया प्रीमियर लीग का भव्य ऑक्शन संपन्न

छह टीमों ने 90 खिलाड़ियों पर लगाई बोली

नवगछिया। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित नवगछिया प्रीमियर लीग (एनपीएल) का भव्य ऑक्शन 2 नवंबर 2025 को टेटरी स्थित सेलिब्रेशन होटल में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर खिलाड़ियों की बोली लगाई गई, जिसमें कुल छह टीमों ने 90 खिलाड़ियों को अपने दल में शामिल किया।

ऑक्शन के दौरान लीग सचिव राजेश कुमार झा और डायरेक्टर निखिल रंजन की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया निस्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से पूरी की गई। आयोजन स्थल पर खेल के प्रति खिलाड़ियों और टीम मालिकों में जोश और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार रणजी टीम के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद रहमतुल्लाह शाहरुख रहे। उन्होंने एनपीएल कमेटी को लीग के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट से नवगछिया जैसे क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने और बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

ऑक्शन में इस बार सबसे बड़ी बोली नवगछिया थंडर्स टीम की रही, जिसके ओनर नीलेश कुमार झा हैं। उन्होंने खिलाड़ी सचिन भारद्वाज को 38,500 पॉइंट्स में खरीदकर इस सीजन का सबसे महंगा खिलाड़ी बनाया। इस बोली को लेकर खेल प्रेमियों और टीम मालिकों के बीच काफी उत्सुकता रही।

कार्यक्रम में लीग सचिव राजेश कुमार झा ने कहा कि नवगछिया प्रीमियर लीग का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर क्रिकेट प्रतिभाओं को पहचान देना और खेल के प्रति युवाओं में उत्साह पैदा करना है। डायरेक्टर निखिल रंजन ने बताया कि इस लीग के माध्यम से जिले के युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल मिलेगा, जिससे वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंटों के लिए तैयार हो सकेंगे।

मुख्य अतिथि मोहम्मद रहमतुल्लाह शाहरुख ने कहा कि नवगछिया की धरती पर क्रिकेट का यह आयोजन खेल प्रेमियों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने की अपील की।

ऑक्शन के समापन पर सभी टीम ओनर्स, आयोजकों और खिलाड़ियों ने लीग को सफल और यादगार बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में खेल प्रेमियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति से माहौल उत्साह और उमंग से भर गया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 4 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: