



भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत भागलपुर जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने बताया कि ऐसे मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है जो अपने निर्वाचन क्षेत्र से बाहर ड्यूटी पर रहते हैं और चुनाव के दिन उपस्थित नहीं हो पाते।

उन्होंने बताया कि सेवा मतदाताओं में मुख्य रूप से सेना, अर्धसैनिक बल तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के वे अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं, जो चुनाव के दौरान अपने कार्यस्थल पर ड्यूटी निभाते हुए मतदान करते हैं। इन मतदाताओं के लिए सुरक्षित रूप से मतदान सुनिश्चित करने हेतु पोस्टल बैलट (डाक मतपत्र) की व्यवस्था की गई है।

नियमों के अनुसार संबंधित सेवा मतदाताओं को पोस्टल बैलट उपलब्ध कराए गए हैं। अब तक विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्राप्त डाक मतपत्रों की संख्या इस प्रकार है —
152- बिहपुर विधानसभा क्षेत्र: 22
153- गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र: 32
154- पीरपैंती (अ.ज.) विधानसभा क्षेत्र: 35
155- कहलगांव विधानसभा क्षेत्र: 13
156- भागलपुर विधानसभा क्षेत्र: 20
157- सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र: 32
158- नाथनगर विधानसभा क्षेत्र: 18
जिला निर्वाचन पदाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार की गई यह व्यवस्था लोकतंत्र के इस महापर्व में प्रत्येक सेवा मतदाता की सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे यह सुनिश्चित होगा कि कोई भी मतदाता, चाहे वह ड्यूटी पर ही क्यों न हो, अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
















