5
(2)

भागलपुर ।
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को नवगछिया में मतदाता जागरूकता मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। यह रैली अनुमंडल कार्यालय परिसर से शुरू होकर तुलसीपुर तक निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोगों ने मोटरसाइकिलों के साथ भाग लिया।

रैली के दौरान “मेरा वोट, मेरा अधिकार”, “पहले मतदान, फिर जलपान” और “11 नवंबर को वोट जरूर करें” जैसे नारे गूंजते रहे। माहौल पूरी तरह लोकतंत्र के उत्सव में रंगा नजर आया।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि इस बार भागलपुर की जनता उत्साहपूर्वक मतदान में भाग लेगी। उन्होंने बताया कि मतदान 11 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।
डीएम ने कहा कि मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, रैंप, बिजली आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा सहायता के लिए आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका और आशा कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगी। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था की गई है, साथ ही दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधा दी जाएगी।
उन्होंने कहा, “मतदान में केवल एक मिनट का समय लगता है — एक उंगली, एक वोट, और भविष्य के पांच साल निश्चित हो जाते हैं। इसलिए सभी नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें।”

रैली को संबोधित करते हुए नवगछिया की पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने कहा कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। सभी बूथों पर पैरा मिलिट्री बल की तैनाती की गई है। जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया है और सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने अपील की कि “11 नवंबर को सभी मतदाता सुबह उठकर सबसे पहले मतदान केंद्र जाएं, मतदान करें, उसके बाद अन्य कार्य करें। आपका वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।”

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया ऋतुराज प्रताप सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा, स्वीप के नोडल पदाधिकारी सह डायरेक्टर एनईपी अमर कुमार मिश्रा सहित अन्य कई पदाधिकारी मौजूद थे।
रैली का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करना और लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना था।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: