



भागलपुर। नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के बहादुरपुर मैदान में बुधवार को लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एक भव्य जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने अपनी पार्टी के प्रत्याशी मिथुन कुमार के समर्थन में उपस्थित लोगों से मतदान करने की अपील की। मंच पर उनके साथ खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा भी मौजूद रहे।
चिराग पासवान ने अपने संबोधन में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जनता से कहा कि इस बार फिर से एनडीए की सरकार बनेगी। सभा के दौरान चिराग पासवान ने उपस्थित जनसमूह से प्रश्न किया कि क्या आप लोग मिथुन कुमार को विधानसभा भेजेंगे। लोगों ने जोरदार आवाज में हां कहा। इसके बाद चिराग पासवान और राजेश वर्मा ने मिलकर मिथुन कुमार को जीत का माला पहनाया, जिससे मंच पर उत्साह का माहौल बन गया।

सभा स्थल पर भारी भीड़ जुटी रही। उपस्थित लोगों ने नारों और तालियों के साथ चिराग पासवान का गर्मजोशी से स्वागत किया। जनता में पार्टी और प्रत्याशी के प्रति भारी उत्साह और जोश देखने को मिला।
इस जनसभा को नाथनगर में एनडीए के लिए राजनीतिक मजबूती बढ़ाने वाला आयोजन माना जा रहा है।


















