



नवगछिया। नवगछिया के जगतपति नाथ महादेव मंदिर गोपाल गौशाला में स्थित शिवगंगा घाट पर देव दीपावली के पावन अवसर पर भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत नवगछिया नगर परिषद की सभापति प्रीति कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर और गंगा आरती के साथ की।
कार्यक्रम का संचालन घाट संख्या 1 से पंडित अजीत पांडे और रंजन बाबा ने किया, जबकि शिवगंगा के घाट संख्या 2 और 3 पर भी पंडितों ने अपने यजमानों के साथ गंगा आरती कर भक्तों को आस्था का अनुभव कराया। आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे और लगातार देवी-देवताओं के नाम के जयकारे लगाते रहे।

देव दीपावली के अवसर पर शिवगंगा घाट पर 5100 से अधिक दीप जलाए गए, जिससे पूरा वातावरण आस्था और भक्ति से जगमगाता हुआ नजर आया। जगतपति नाथ महादेव मंदिर कमेटी और महा शिवरात्रि कमेटी के सदस्यों ने आयोजन में भरपूर सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम के समापन के बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद की सभापति प्रीति कुमारी, मोती झा, काजल कुमारी, पंडित रंजन बाबा, पंडित अजीत बाबा, किशन कुमार, अमर कुमार, संतोष कुमार, रामजी गुप्ता, देव कुमार गुप्ता और श्री महाशिवरात्रि कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।
इस आयोजन में हजारों भक्तों ने अपनी श्रद्धा और भक्ति का प्रदर्शन किया, जिससे शिवगंगा घाट पर एक दिव्य आभा का अनुभव हुआ और उपस्थित जनमानस ने धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को करीब से महसूस किया।
















