



नवगछिया । दीपों से जगमगाती काशी, गंगा की लहरों पर तैरते दीपदान और घंटियों की मधुर ध्वनि… ऐसा दिव्य दृश्य केवल देव दीपावली के अवसर पर ही देखने को मिलता है। इसी श्रद्धा और उल्लास के साथ साईं नगर सहौरा में बुधवार को देव दीपावली का पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया गया।

मान्यता है कि इस दिन स्वयं देवता पृथ्वी पर अवतरित होकर गंगा में स्नान करते हैं और दीप प्रज्वलित कर भगवान शिव की आराधना करते हैं। इस पावन परंपरा के अनुसार, श्री सद्गुरु साईंनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में नवगछिया अनुमंडल के एकमात्र शिर्डी साईंनाथ दरबार में दीपों की माला सजाकर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया।
भक्तों ने साईंनाथ की महिमा का गुणगान करते हुए पूरे वातावरण को भक्ति और प्रकाश से आलोकित कर दिया। हर दिशा में दीपों की रोशनी फैल गई और वहां आए श्रद्धालुओं ने मिलकर भगवान साईंनाथ की पूजा-अर्चना की।

कार्यक्रम की जानकारी सद्गुरु साईंनाथ सेवा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष शुभम यादव ने दी। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजन से न केवल धार्मिक भावना का प्रसार होता है, बल्कि समाज में एकता और भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है।
भव्य दीपोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने मिलकर इस पर्व को आनंद और श्रद्धा के साथ मनाया।
















