



भागलपुर के हवाई अड्डा मैदान में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक भव्य चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर मंच पर केंद्रीय सहकारिता मंत्री गिरिराज सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, भाजपा प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ सहित भागलपुर और बांका जिले के सभी एनडीए प्रत्याशी उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि 2005 से पहले बिहार की पहचान कट्टा, क्रूरता और कुशासन के रूप में होती थी। उन्होंने कहा कि जंगलराज वाले खुद को शहंशाह समझते थे, लेकिन नीतीश कुमार ने बिहार को उस अंधकार से बाहर निकाला। मोदी ने भागलपुर दंगे का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कांग्रेस शासन के कुशासन का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि जिन्होंने बिहार को पिछड़ेपन और भय के माहौल में धकेला, वे आज फिर सत्ता में आने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने जनता से अपील की कि बिहार का विकास केवल एनडीए सरकार में ही संभव है, क्योंकि यह सरकार गरीबों, किसानों और युवाओं के हित में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार को फिर से पिछड़ेपन और अराजकता के दौर में लौटने से बचाना होगा, और इसके लिए जनता को एनडीए प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाना चाहिए।
प्रधानमंत्री के भाषण को सुनने के लिए भागलपुर और बांका जिलों से लाखों की संख्या में लोग पहुंचे। पूरा हवाई अड्डा मैदान “मोदी-मोदी” और “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा। जनसभा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
















