



नवगछिया। आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को ध्यान में रखते हुए लागू आचार संहिता एवं परमहंस स्वामी आगमानंद जी महाराज के निर्देशानुसार ज्ञान वाटिका, नवगछिया में आयोजित होने वाले लोकप्रिय कार्यक्रम ‘कौन बनेगा चैंपियन (केबीसी-2) हॉट सीट गेम’ की तिथि में परिवर्तन किया गया है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम 16 नवंबर (रविवार) को आयोजित किया जाना था, परंतु अब इसे 23 नवंबर 2025 को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। आयोजन समिति ने बताया कि यह परिवर्तन स्वामी आगमानंद जी महाराज के मार्गदर्शन एवं आचार संहिता के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया है ताकि सभी प्रतिभागी एवं आमजन बिना किसी असुविधा के कार्यक्रम में शामिल हो सकें।

यह विशेष कार्यक्रम दिन के 11:00 बजे से प्रारंभ होगा। आयोजन स्थल ज्ञान वाटिका, नवगछिया को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों की उपस्थिति की उम्मीद है।
‘कौन बनेगा चैंपियन (केबीसी-2)’ प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में ज्ञान, आत्मविश्वास और प्रतियोगी भावना को बढ़ावा देना है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अपनी योग्यता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
आयोजक मंडल ने सभी प्रतिभागियों एवं दर्शकों से निर्धारित नई तिथि 23 नवंबर को समय से पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
















