



भागलपुर जिले के पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को देश के गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा प्रत्याशी मुरारी पासवान के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। सभा स्थल पर पहुंचने पर अमित शाह का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया और उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन की शुरुआत में अमित शाह ने भागलपुर की पावन धरती को नमन करते हुए कहा कि वे सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ, भागलपुर के बुढ़ानाथ, मनसकामना नाथ और भूतनाथ मंदिरों को प्रणाम करते हुए सभा की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह भूमि आध्यात्मिक और ऐतिहासिक गौरव की प्रतीक है।

सभा के दौरान अमित शाह ने महागठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा — “महागठबंधन अब महा ठगबंधन बन गया है। ये लोग भेष बदलकर फिर से बिहार में जंगलराज लाना चाहते हैं, लेकिन बिहार की जनता इस बार उनके मंसूबों को सफल नहीं होने देगी। जनता का एक-एक वोट जंगलराज की वापसी को रोकेगा।”
गृह मंत्री ने कहा कि महागठबंधन के पास न नेता है, न नीति और न ही नीयत, जबकि एनडीए पांच पांडवों की तरह एकजुट और मजबूत है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा — “अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो ये अपहरण और खून-खराबे के लिए अलग मंत्रालय बना देंगे।”
अमित शाह ने दावा किया कि बिहार के आधे हिस्से में मतदान संपन्न हो चुका है और वहां से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि लालू प्रसाद यादव की पार्टी का सफाया हो गया है।

उन्होंने जनता से अपील की कि वे एनडीए गठबंधन के सभी प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाएं, ताकि बिहार में स्थिरता, सुशासन और विकास की सरकार कायम हो सके।
सभा में क्षेत्र के हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे, जिन्होंने “मोदी-शाह जिंदाबाद” और “फिर एक बार मोदी सरकार” के नारे लगाकर माहौल को उत्साह से भर दिया।















