



भागलपुर जिले के कजरेली थाना क्षेत्र के तमोनी मोड़ के पास शनिवार को दो ऑटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए, जिनमें नया चक निवासी सुमित्रा देवी भी शामिल थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद सुमित्रा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में भागलपुर मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सुमित्रा देवी नया चक से नारायणपुर जा रही थीं, जो सजौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को ऑटो से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों क्षतिग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
















