



भागलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के दूसरे चरण के तहत भागलपुर जिले की सात विधानसभा सीटों पर होने वाले मतदान के लिए प्रचार अभियान रविवार शाम 6 बजे के बाद समाप्त हो गया। अब जिले में 11 नवंबर को मतदान संपन्न होगा।

प्रचार समाप्ति के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने संयुक्त समीक्षा भवन में प्रेस वार्ता कर मतदान की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी शोर अब थम चुका है और प्रशासन पूरी तरह से मतदान दिवस की व्यवस्था में जुट गया है।
प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, मतदान के दिन प्रत्येक प्रत्याशी को अधिकतम तीन वाहनों की अनुमति दी जाएगी। मतदान से पूर्व सुबह 5:30 बजे मॉक पोल किया जाएगा, जिसमें उम्मीदवारों के अधिकृत पोलिंग एजेंट उपस्थित रह सकते हैं।

सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने कड़ी व्यवस्था की है। सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी मतदान केंद्र पर मतदाता को मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए मतदान केंद्रों के समीप हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है, जहां मतदाता अपने मोबाइल सुरक्षित रख सकेंगे।
जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और नियंत्रण कक्ष के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भीक होकर मतदान करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। प्रशासन ने विश्वास जताया कि भागलपुर जिले में मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित माहौल में सम्पन्न होगा।
















