



नवगछिया । नवगछिया थाना क्षेत्र के पोखर रोड स्थित आदित्य विजन के सामने सोमवार की दोपहर एक अज्ञात अधेड़ महिला का शव पोखर किनारे से बरामद किया गया। शव की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। घटना की जानकारी मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पोखर से बाहर निकालकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में प्रतीत होता है कि महिला की मृत्यु पोखर में डूबने से हुई होगी। अनुमान है कि मौत रविवार की रात हुई होगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि सोमवार सुबह कुछ ग्रामीण जब पोखर की ओर गए, तो उन्होंने पानी में एक महिला का शव तैरता हुआ देखा और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।
मृतका की उम्र लगभग 55 से 60 वर्ष बताई जा रही है। उसने हरे रंग की साड़ी पहन रखी थी। शव मिलने के बाद एसएफएल (फॉरेंसिक) टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।

नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया है। शरीर पर कहीं भी जख्म के निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेजा गया है। साथ ही, मृतका की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। इस बीच, महिला की रहस्यमय मौत को लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
















