



भागलपुर जिले के नाथनगर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां 51 वर्षीय अरुण कुमार की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार अरुण कुमार साहिबगंज जाने के लिए अपने घर से निकले थे और ट्रेन पकड़ने के लिए नाथनगर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान ट्रेन पर चढ़ने की कोशिश में वे अचानक फिसलकर नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और परिजनों को इसकी जानकारी दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अरुण कुमार को नाथनगर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान अरुण कुमार की मौत हो गई। इस हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
















