



भागलपुर । नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 स्थित नवगछिया एसपी कोठी के सामने बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। छत पर बने फूस के घर में अचानक आग लगने से सारा सामान जलकर राख हो गया, जबकि घर के भीतर सोई साठ वर्षीय महिला की जलकर मौत हो गई।

मृतका की पहचान पुनामा प्रतापनगर निवासी गायत्री देवी, पति बालेश्वर पासवान, उम्र लगभग 60 वर्ष, के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वृद्धा को अनुमंडल अस्पताल नवगछिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार गायत्री देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और छत पर बने फूस के घर में रहती थीं, जबकि नीचे उनके पुत्र का गैरेज था। बताया जाता है कि महिला अक्सर बीड़ी पीती थीं। आशंका जताई जा रही है कि जली हुई बीड़ी से फूस में आग सुलग गई, जो कुछ ही मिनटों में भड़क उठी और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
थानाध्यक्ष पुनि रविशंकर सिंह ने बताया कि महिला लगभग 95 प्रतिशत जल चुकी थीं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
















