



भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत भागलपुर जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में मतगणना संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने संयुक्त रूप से मतगणना केंद्र संख्या-1 राजकीय पॉलिटेक्निक, बरारी तथा मतगणना केंद्र संख्या-2 महिला आईटीआई, बरारी स्थित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और वहां उपस्थित अभ्यर्थियों व उनके एजेंटों से बातचीत की। उन्होंने स्ट्रांग रूम के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव फुटेज भी देखी और सुरक्षा प्रबंधों पर संतोष जताया।

महिला आईटीआई, बरारी में डीएम और एसएसपी ने 152 बिहपुर, 153 गोपालपुर एवं 157 सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों के प्रेक्षकों तथा निर्वाची पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मतगणना की तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतगणना प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।

गौरतलब है कि मतगणना केंद्र संख्या-1 राजकीय पॉलिटेक्निक, बरारी में 154 पीरपैंती (अजा), 155 कहलगांव, 156 भागलपुर एवं 158 नाथनगर विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना होगी। वहीं मतगणना केंद्र संख्या-2 महिला आईटीआई, बरारी में 152 बिहपुर, 153 गोपालपुर एवं 157 सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना की जाएगी।
स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्र के चारों ओर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए भी विशेष दंडाधिकारी और पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।















