



भागलपुर जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र के कसमाबाद दियारा में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। गंगा नदी पार कर मजदूरी के लिए जा रहीं महिला मजदूरों से भरी एक नाव बीच नदी में अचानक पलटकर डूब गई। नाव पर कुल नौ महिला मजदूर सवार थीं।
घटना होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तेजी से बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की तत्परता से सात महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं दो महिला मजदूरों को बेहोशी की स्थिति में गंगा से बाहर निकाला गया। दोनों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

ग्रामीणों ने बताया कि सभी महिला मजदूर दियारा क्षेत्र में खेती का काम करने जा रही थीं। जैसे ही नाव गंगा के बीच पहुंची, वह अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिससे सभी नदी में गिर पड़ीं। हादसे के बाद नाविक मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार नाविक की तलाश में जुट गई है।
















