



भागलपुर के बाईपास थाना क्षेत्र में सोमवार को खुटाहा पुल के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। अनियंत्रित हाईवा की चपेट में आने से सुल्तानगंज निवासी तथा कहलगांव स्थित एनटीपीसी में कार्यरत इंजीनियर संजय कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मृतक संजय के पड़ोसी कपिल ने बताया कि संजय रोजाना की तरह अपनी बाइक से कहलगांव से अलीगंज स्थित अपने किराए के मकान की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान नाथनगर की दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय कुमार की घटनास्थल पर ही जान चली गई।

संजय अपने परिवार के साथ अलीगंज के शैलवाग क्षेत्र में रहते थे। उनकी अकस्मात मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया तथा इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और देर तक सड़क पर तनाव की स्थिति बनी रही।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। पुलिस ने फरार हाईवा और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की सहायता से वाहन की पहचान की कोशिश की जा रही है।
















