



भागलपुर । खेल विभाग बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना तथा जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय राज्य स्तरीय अंतर-प्रमंडल विद्यालय अंडर-19 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन बुधवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए।
सुबह के सत्र में पहला मैच कोशी और सारण के बीच खेला गया। सारण ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोशी की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 127 रन बनाए। कोशी की ओर से अमन कुमार ने 15 गेंदों पर 10 रन, कृष्ण कुमार ने 29 गेंदों पर 15 रन, अंकित ने 3 रन, जबकि आयुष कुमार ने दो छक्कों की मदद से 18 रन का योगदान दिया। विष्णु ने सबसे महत्वपूर्ण पारी खेलते हुए 21 गेंदों पर 25 रन बनाए।

सारण की ओर से गेंदबाजी में शुभम ने 4 ओवर में मात्र 11 रन देकर 2 विकेट चटकाए। आदर्श ने 4 ओवर में 40 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि शिवम् ने 2 ओवर में 11 रन देकर 2 विकेट प्राप्त किए।
127 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सारण की टीम ने 17.2 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। सलामी बल्लेबाज मंजीत कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 58 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए। सूरज 5 रन पर आउट हुए। चंदन कुमार ने 10 रन, शिवम् ने 3 रन, साहिल ने 1 रन, प्रियांशु ने 17 रन और बिपिन ने नाबाद 5 रन जोड़कर टीम को जीत दिलाई। मैच के निर्णायक राजेश कुमार और नीरज कुमार (पटना) रहे, जबकि स्कोरर रोहित थे।
मैन ऑफ द मैच रहे: मंजीत कुमार (सारण प्रमंडल)।
दिन का दूसरा मुकाबला तिरहुत और मगध के बीच खेला गया। तिरहुत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। पूरी टीम 19.4 ओवर में 10 विकेट खोकर 138 रन बना सकी। तिरहुत की ओर से शिवम् कुमार ने 23 गेंदों पर 34 रन, आशीष कुमार ने 20 गेंदों पर 24 रन और मणिकांत ने 18 गेंदों पर 25 रन की महत्वपूर्ण पारियाँ खेलीं।

मगध की ओर से गेंदबाजी में मणिकांत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 2.4 ओवर में 18 रन देकर 5 विकेट चटकाए। अमन ने 4 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि अजय और समीर ने एक-एक विकेट लिया।
जवाब में मगध की टीम तिरहुत के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती रही और 14.3 ओवर में 10 विकेट खोकर केवल 68 रन ही बना सकी। समीर कुमार ने सर्वाधिक 21 रन बनाए। बाकी बल्लेबाज टिक नहीं पाए। तिरहुत की ओर से आसिफ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 रन देकर 3 विकेट लिए। शानू ने 17 रन देकर 2 विकेट और हर्षित, शिवम् तथा मणिकांत ने एक-एक विकेट लिया।
इस मैच के निर्णायक नीरज कुमार और आशुतोष कुमार (पटना) रहे। स्कोरर अंकित राज थे।
मैन ऑफ द मैच रहे: शिवम् कुमार (तिरहुत प्रमंडल)।
प्रत्येक मैच में चयनकर्ता धनंजय कुमार, शैलेंद्र कुमार दीक्षित, नवीन भूषण शर्मा तथा अंपायर मनोज गुप्ता और जयंत कुमार खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं, ताकि सर्वश्रेष्ठ टीम का चयन किया जा सके।
गुरुवार को सुबह 8 बजे पहले मुकाबले में तिरहुत और कोशी आमने-सामने होंगे। दूसरा मैच दोपहर 12 बजे मेजबान भागलपुर और पटना के बीच खेला जाएगा।
इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव जयशंकर ठाकुर, संयुक्त सचिव सुबीर मुखर्जी, शारीरिक शिक्षक नीरज राय, नवीन भूषण, आलोक कुमार, संजीव कुमार सिंह, अशोक कुमार, देवीशंकर, वरुण गंगोत्री, जयंतो राज, चंद्रभूषण कुमार, राकेश कुमार, जिला खेल कार्यालय के प्रधान लिपिक सतीश चंद्र, लिपिक मृणाल किशोर, कार्यपालक सहायक मो. अमीर खान, गृह रक्षक सुनील कुमार तथा सुनील कुमार शर्मा उपस्थित रहे।
जानकारी जिला खेल पदाधिकारी भागलपुर जयनारायण कुमार ने दी।
















