5
(1)

भागलपुर शहर के ठीक पीछे बसे शंकरपुर दियारा समेत सात गाँव आज भी बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। करीब 20 हजार की आबादी वाले इस क्षेत्र के लोगों के लिए गंगा नदी पार कर शहर पहुँचना आज भी किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। भागलपुर विश्वविद्यालय के समानांतर बहने वाली गंगा हर साल कटाव और बाढ़ के कारण इस पूरे इलाके को मुख्य धारा से अलग-थलग कर देती है।

इन गाँवों के लिए आवाजाही का एकमात्र सहारा नावें हैं, जो रोज़ाना हजारों लोगों को शहर तक लाती-ले जाती हैं। लेकिन नाव का यह सफर न तो सुरक्षित है और न ही सुविधाजनक। गाँव के सरपंच दिनेश ने बताया कि गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को सबसे ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। रात में प्रसव पीड़ा या किसी आपात स्थिति में नाविक नदी में उतरने से हिचकते हैं। कई बार अस्पताल दूर होने के कारण नहीं, बल्कि समय पर नाव उपलब्ध न होने से लोगों की जान चली गई है।

दियारा क्षेत्र पूरी तरह बाढ़ग्रस्त रहता है और हर साल 25 हजार से अधिक लोग बाढ़ की मार झेलते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चचरी पुल ही उनका सबसे बड़ा सहारा था, जिसे हर साल ग्रामीण चंदा इकट्ठा कर बनवाते थे। लेकिन वर्ष 2025 में पर्याप्त राशि नहीं जुट पाई, जिसके कारण अब तक चचरी पुल का निर्माण नहीं हो सका है। इस वजह से स्कूली बच्चों से लेकर महिलाओं तक सभी को नाव का इंतज़ार करते घंटों बिताने पड़ रहे हैं।

भास्कर टीम के मौके पर पहुँचने पर नदी किनारे नावों की लंबी कतार दिखाई दी। छोटे-छोटे बच्चे टिफिन और बैग लिए नाव की बारी का इंतज़ार कर रहे थे। महिलाएँ रोजमर्रा की जरूरतों के लिए नदी पार करने का जोखिम उठाने को मजबूर थीं। लगभग दो किलोमीटर के दायरे में एक दर्जन से अधिक नावें किसी तरह आवागमन को बनाए हुए हैं।

ग्रामीण मिथलेश ने बताया कि जिला प्रशासन ने वर्षों पहले इस क्षेत्र में पक्का पुल बनाने का आश्वासन दिया था, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी न तो काम शुरू हुआ और न ही कोई पहल होती दिखाई देती है। हालात इतने गंभीर हैं कि करीब पाँच हजार लोग प्रतिदिन शहर आने-जाने को मजबूर हैं, वह भी ऐसे सफर से जिसमें हर दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से अविलंब पहल करते हुए स्थायी पुल निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके और दियारा के लोगों को सुरक्षित एवं स्थायी आवागमन की सुविधा मिल सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: