



नवगछिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में शनिवार सुबह चार ब्लैक आईबिस पक्षी अचेत होकर जमीन पर गिरे मिले। सभी पक्षी घायल अवस्था में थे। स्थानीय निवासी एवं पटना हाई कोर्ट के अधिवक्ता मुकेश कुमार ने बताया कि उनके दरवाजे के पास एक दिन पहले भी दो पक्षी मृत मिले थे। उन्होंने घायल एक पक्षी को तुरंत संरक्षण दिया और अगले दिन चार और पक्षियों के मिलने पर वन विभाग को सूचना दी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गंगा किनारे मछली के शिकार के लिए आने वाले कुछ शिकारी पक्षियों के भोजन में नशीला पदार्थ मिला देते हैं। इसे खाने के बाद पक्षी मूर्छित होकर गिर जाते हैं, जिसके बाद शिकारी या तो उनका शिकार कर लेते हैं या फिर उन्हें अधिक दाम में बेच देते हैं।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। नवगछिया वन प्रक्षेत्र के अधिकारी राजीव कुमार, गोपालपुर की वनरक्षिका मुन्नी कुमारी और डॉल्फिन मित्र सूरज कुमार ने सभी पक्षियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें विभाग द्वारा अपने साथ ले जाया गया।

वन पदाधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है कि आखिर पक्षी मूर्छित होकर क्यों गिर रहे हैं। जांच के बाद दोषी शिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















