



ज्ञान वाटिका विद्यालय में कौन बनेगा चैंपियन-2 का भव्य आयोजन
स्वामी आगमानंद जी महाराज बने हॉट सीट के प्रथम विजेता
नवगछिया के सिंघिया मकन्दपुर स्थित प्रसिद्ध ज्ञान वाटिका विद्यालय में रविवार को जीएस न्यूज़ द्वारा टीवी धारावाहिक पर आधारित खेल “कौन बनेगा चैंपियन-2” प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन स्वामी आगमानंद जी महाराज के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी जी के चरण पूजन से हुआ, जिसके बाद विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण बन गया।

उक्त कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा जी एस न्यूज़ के संपादक बरुण बाबुल द्वारा तैयार की गई। प्रतियोगिता में लगभग सात सौ छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिन्हें तीन चरणों की परीक्षाओं से गुजरना पड़ा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहली परीक्षा येलो कार्ड परीक्षा के रूप में आयोजित हुई थी इसमें सफल हुए बच्चों ने दूसरे चरण—ग्रीन कार्ड परीक्षा—के लिए आवेदन किया। ग्रीन कार्ड में सफल बच्चों को फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट में भाग लेने का अवसर मिला, जिसके बाद लगभग पचास प्रतिभागियों का चयन हॉट सीट के लिए हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथि पूज्य स्वामी आगमानंद जी महाराज को सम्मानपूर्वक हॉट सीट पर आमंत्रित किया गया। उन्होंने सभी प्रश्नों के सही उत्तर देकर प्रथम विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।

इस अनोखे क्षण ने कार्यक्रम की गरिमा को और भी बढ़ा दिया।
समारोह के दौरान विद्यालय के बच्चों ने अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बिहार के पारंपरिक लोकनृत्य ‘झिझिया’ की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसी क्रम में कक्षा आठ की छात्रा सुहानी ने ‘घर मोरे परदेसिया’ गीत पर शानदार रिकार्डिंग नृत्य प्रस्तुत किया, जिसकी खूब सराहना हुई। पूरा दर्शकदीर्घा महिला एवं पुरुष अभिभावकों से खचाखच भरा था, जो अपने बच्चों का उत्साह बढ़ाते नजर आए।
प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के बच्चों ने अलग-अलग पुरस्कार जीते। यूकेजी की छात्रा दिव्या शर्मा ने पहला पुरस्कार ?₹2000 रुपये जीता। नर्सरी से अनाया आर्यन ने 100 रुपये प्राप्त किए। एलकेजी से पुष्कर भारती ने 2000 रुपये, प्रिंस ने 100 रुपये, खुशी ने 100 रुपये, समीक्षा ने 500 रुपये और अभिनंदन ने 100 रुपये जीते। यूकेजी वर्ग से ही दिव्यांशी ने 2000 रुपये, देव ने 500 रुपये और अभिनव मिश्र ने 500 रुपये का पुरस्कार हासिल किया।
कक्षा प्रथम से सुजीत और आर्यन ने 100-100 रुपये, स्वाति प्रिया ने 500 रुपये और श्रेष्ठा ने 100 रुपये जीते। कक्षा द्वितीय से रिषु देव और आराध्या ने 100-100 रुपये, अभिषेक एवं श्रेष्ठा रौनक ने 500-500 रुपये, जबकि मयंक और ओम ने 100-100 रुपये जीते। कक्षा तृतीय से प्रिया राज रंजन ने 500 रुपये, लोहित और आदित्यनाथ ने 100-100 रुपये, तथा आलिया भारती एवं सोनाक्षी राज ने 500-500 रुपये पुरस्कार जीते।
कक्षा चतुर्थ से अयान अली, आदित्य कुमार और अभिनव ने 100-100 रुपये तथा सुजीत ने 500 रुपये जीते। कक्षा पंचम से शिवम् और अंकित ने 100-100 रुपये, प्रज्ञान ने 500 रुपये और नमन कश्यप ने 100 रुपये हासिल किए।
अंत में कक्षा चतुर्थ के निखिल नयन ने 11,000 रुपये जीतकर ‘कौन बनेगा चैंपियन-2’ का खिताब अपने नाम किया। सभी सफल प्रतिभागियों को राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया जिसे बाद में राशि के रूप में अभिवावक को प्रदान किया जाएगा ।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के सभी शिक्षकों और शिक्षिकाओं को पूज्य गुरुदेव के करकमलों से शिल्ड व उत्कृष्टता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अवध किशोर राय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में उन्होंने बच्चों की प्रतिभा और विद्यालय की पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
टी.एन.बी. कॉलेज के रसायन विभाग के भूतपूर्व प्रोफेसर डॉ. ज्योतिन्द्र चौधरी ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल पुरस्कार आधारित नहीं है, बल्कि बच्चों की प्रतिभा को उभारने और प्रोत्साहित करने का एक सराहनीय प्रयास है।
मौके पर सभी शिक्षक शिक्षिकाओं के अलावे हजारों की संख्या में अतिथि अभिवावक गण्यमान्य सहित कई अन्य उपस्थित थे ।















