



भागलपुर जिले के रजौन थाना क्षेत्र के खिड्डी गांव में सोमवार देर शाम पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मार दी गई। प्रसादी यादव के पुत्र प्रदीप यादव (30) को अज्ञात हमलावरों ने सीने में गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अचानक हुई फायरिंग से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी मच गई। गोली लगते ही प्रदीप यादव जमीन पर गिर पड़ा।

चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से जख्मी प्रदीप को रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए तुरंत भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। मायागंज में भी उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद देर रात बेहतर इलाज के लिए उसे पटना रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार गोली सीने के ऊपरी हिस्से को चीरते हुए भीतर तक चली गई है, जिससे उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही रजौन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि गांव में दो गुटों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है और इसी पुरानी रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है। गोली चलने के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला पुरानी दुश्मनी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं तथा मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।













