



भागलपुर । कहलगांव प्रखंड अंतर्गत सभी सरकारी प्राथमिक, मध्य एवं माध्यमिक विद्यालयों में बुधवार को नशामुक्ति अभियान के तहत प्रभात फेरी निकालकर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान शिक्षकों ने बच्चों को शपथ दिलाई कि वे स्वयं नशा से दूर रहेंगे और अपने अभिभावकों को भी नशा करने से रोकेंगे, ताकि परिवार का वातावरण स्वस्थ और सुरक्षित रह सके।

कई विद्यालयों में रंगोली प्रतियोगिता, गीत, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने नशामुक्त समाज की आवश्यकता पर संदेश दिया। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्रों ने नशे के दुष्प्रभावों को समझा और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

प्राथमिक विद्यालय रामराय बाग खुटहरी में प्रधान शिक्षक सर्वोत्तम कुमार शर्मा के नेतृत्व में प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में शिक्षक रतन कुमार, कल्पना कुमारी, गीता कुमारी के अलावा छात्र-छात्राओं में विराट, सरस्वती, छोटी, पूजा, स्वीटी सहित पूरा विद्यालय परिवार सक्रिय रूप से शामिल रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और अभिभावकों में नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाकर समाज को स्वस्थ और जागरूक बनाना था।
















