



भागलपुर । परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत 21 नवंबर से 12 दिसंबर तक चल रहे पुरुष नसबंदी पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद ने स्वास्थ्य मेला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य कर्मियों ने आईईसी सामग्री (पंपलेट) के माध्यम से पुरुष नसबंदी की आवश्यकता और महत्व को लेकर लोगों को जागरूक किया।

स्वास्थ्य मेला का उद्घाटन करते हुए सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद ने कहा कि परिवार नियोजन में पुरुषों की बराबर की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। पुरुष नसबंदी के प्रति सकारात्मक कदम जनसंख्या स्थिरीकरण के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि पुरुष परिवार नियोजन के स्थायी साधन के रूप में नसबंदी अपनाएं, तो परिवार को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह तीसरा पखवाड़ा है, जिसका आयोजन 21 नवंबर से 12 दिसंबर 2025 तक किया जा रहा है। 21 से 27 नवंबर तक दंपति संपर्क सप्ताह आयोजित किया गया, जबकि 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक परिवार नियोजन सेवा सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान पुरुष नसबंदी के साथ-साथ अन्य परिवार नियोजन साधनों के प्रचार-प्रसार और सेवा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा। इस वर्ष पखवाड़ा का थीम रखा गया है— स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार, पुरुष सहभागिता से ही होगा सपना साकार।
कार्यक्रम में मॉडल अस्पताल भागलपुर के डॉ. राजू कुमार, डॉ. विप्लव बलराज, डॉ. पीयूष कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक, अस्पताल प्रबंधक, परिवार नियोजन परामर्शी, पीएसआई इंडिया के प्रतिनिधि सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।














