



नवगछिया । शुक्रवार को सोनपुर रेलवे मंडल के डीआरएम अमित शरण ने नवगछिया रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सोनपुर डिविजन के इंजीनियरों की टीम भी उनके साथ मौजूद रही। डीआरएम ने प्लेटफॉर्म नंबर 1, पैनल रूम, डीआरएम कैंप कार्यालय सहित स्टेशन के दक्षिणी छोर पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत निर्माणाधीन नए भवन का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने इंजीनियर टीम के साथ नए भवन के नक्शे पर चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश राणा, कपिलदेव मंडल, मोहम्मद मोहिउद्दीन सहित अन्य लोगों ने डीआरएम के समक्ष अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहे विकास कार्यों में हो रही देरी की समस्या रखी। साथ ही उन्होंने पूर्वी डाला बंद होने से स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाते हुए एक अंडरपास निर्माण की मांग भी की।

डीआरएम अमित शरण ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि नवगछिया स्टेशन जल्द ही एक बेहतर और आधुनिक स्टेशन के रूप में नजर आएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कहा कि अंडरपास निर्माण की संभावनाओं को देखते हुए जल्द ही सर्वे कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन के तहत चल रहे निर्माण कार्य बारिश के कारण कुछ समय के लिए प्रभावित थे, लेकिन अब कार्य तेजी से शुरू किए जाएंगे। नवगछिया स्टेशन पर ओवरब्रिज के साथ-साथ यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट भी लगाई जाएगी।















