



भागलपुर के नाथनगर स्थित केबी लाल रोड पर नगर निगम की लापरवाही के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तीन दिन पहले निगम की ओर से नाले की उड़ाही कराई गई थी, लेकिन उड़ाही के बाद नाले से निकाला गया पूरा मलबा यथास्थान सड़क पर ही छोड़ दिया गया। इससे सड़क अत्यधिक संकरी हो गई है और प्रतिदिन जाम की स्थिति पैदा हो रही है।
इस अव्यवस्था का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों पर पड़ रहा है। बच्चे रोजाना मलबे के बीच से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं, जबकि उनके अभिभावक भी जोखिम उठाकर संकीर्ण रास्ते से गुजर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार शाम के समय तो सड़क पर पैदल चलना भी बेहद मुश्किल हो जाता है।

निवासियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम की महापौर डॉ. वसुंधरा लाल इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रही हैं। लोगों का कहना है कि महापौर कार्यालय में बैठकर केवल टेबल वर्क करती हैं और जमीनी स्तर पर व्याप्त समस्याओं का निरीक्षण करने नहीं निकलतीं।

क्षेत्रवासियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि भागलपुर सिर्फ नाम का स्मार्ट सिटी है। सड़कों पर जमा मलबा और लगातार हो रही परेशानियाँ यह साफ बताती हैं कि व्यवस्थाएं किस हालत में हैं।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल मलबा हटाकर सड़क को सुचारू यातायात के योग्य बनाने की मांग की है।















