



दो आरोपी शराब के साथ गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
भागलपुर के नाथनगर अंतर्गत ललमटिया थाना क्षेत्र में शराब की गुप्त सूचना पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर रविवार देर शाम हमला हो गया। इस हमले में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि नसरतखानी क्षेत्र में बड़ी मात्रा में शराब छुपाकर रखी गई है और उसकी अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर ललमटिया थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। छापेमारी के दौरान कुएं के पास चार लोग शराब पीते हुए पाए गए, जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया।
इसी दौरान पकड़े गए आरोपियों ने अचानक पुलिस टीम के साथ हाथापाई शुरू कर दी। हमलावरों ने पुलिस की गिरफ्त से तीन गिरफ्तार व्यक्तियों को छुड़ा लिया और उन्हें लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलते ही नाथनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संयुक्त कार्रवाई शुरू की। संयुक्त छापेमारी में पुलिस ने मुंगेर के तारापुर निवासी गौरव यादव और नसरतखानी निवासी सुमन कुमार यादव को दो बोतल विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया।
सिटी डीएसपी-2 राकेश कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर हाथापाई की गई और आरोपियों ने भागने की कोशिश की। दो लोगों को शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है और बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस की गतिविधि बढ़ा दी गई है और अवैध शराब कारोबार पर सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।













