5
(1)

यात्रियों को घंटों भुगतनी पड़ी परेशानी

भागलपुर–जमालपुर रेलखंड पर रविवार सुबह नाथनगर और मुरारपुर रेलवे स्टेशन के बीच पुरानी सराय के पास हाईटेंशन कैटेनरी तार टूट जाने से रेल परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया। अचानक जोरदार आवाज के साथ तार टूटने से अफरातफरी मच गई और अप लाइन पर सभी ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया। इस घटना का सबसे अधिक असर पटना जाने वाले यात्रियों पर पड़ा।

घटना के बाद दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस को नाथनगर रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। ट्रेन रुकते ही स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई। यात्री घंटों तक स्टेशन पर फंसे रहे और लगातार बढ़ती भीड़ के बीच उनकी बेचैनी भी बढ़ती गई। रेलवे प्रशासन माइकिंग के जरिए बार-बार यह जानकारी देता रहा कि आगे हाईटेंशन तार टूट गया है और मरम्मत कार्य जारी है। मरम्मत पूरी होने के बाद ही ट्रेन संचालन बहाल किया जा सकेगा।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, तार टूटने के समय जोरदार आवाज हुई जिसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी 112 पुलिस टीम को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेलवे अधिकारियों को सूचित किया। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने सभी ट्रेनों का परिचालन रोक दिया और तकनीकी टीम को तत्काल मरम्मत के लिए भेजा। करीब दो घंटे तक रेलगाड़ियां विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं और यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।

रेलवे कर्मचारी परिस्थिति को संभालने में लगे रहे, हालांकि यात्रियों में नाराजगी साफ दिखाई दी। इस बीच एसएससी केआरडी के इंजीनियर हैप्पी शंकर ने बताया कि 25 हजार वोल्ट कैटेनरी तार टूटने के कारण समस्या उत्पन्न हुई। तार टूटने के कारणों की जांच की जाएगी। फिलहाल मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया है और रेल परिचालन बहाल कर दिया गया है।

इस घटना ने एक बार फिर रेलवे की तकनीकी सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए हैं, हालांकि समय रहते कार्रवाई होने से किसी बड़े हादसे को टाला जा सका।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: