



भागलपुर/कहलगांव/सनहौला।
भागलपुर जिले में तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में कहलगांव एकचारी सक्रमा निवासी राजू तांती के पुत्र मिथुन तांती एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक घटना सनहौला तारण के पास बीते शाम करीब 7 बजे हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मिथुन तांती अपनी मोटरसाइकिल से गुजर रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिथुन सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए मिथुन को सनहौला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने के कारण उन्हें मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मायागंज अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इतने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद न तो तत्काल इलाज शुरू किया गया और न ही उन्हें बेड उपलब्ध कराया गया। परिजनों ने बताया कि मिथुन को मजबूरी में जमीन पर लिटाकर रखा गया है, जबकि उनकी हालत बेहद चिंताजनक है।

परिवार का कहना है कि समय पर समुचित उपचार मिले तो मिथुन की जान बच सकती है, लेकिन अस्पताल प्रशासन की उदासीनता स्थिति को और गंभीर बना रही है। परिजनों ने कई बार डॉक्टरों और स्टाफ से मदद की गुहार लगाई, लेकिन अब तक किसी ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिला। उन्होंने मायागंज जैसे बड़े अस्पताल में गंभीर मरीजों के साथ हो रहे व्यवहार को शर्मनाक बताया और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया।
उधर, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जिसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि फरार चालक को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और घायल युवक को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।













