



भागलपुर, बिहार में नई सरकार के गठन के बाद कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में पुलिस विभाग तेजी से कदम बढ़ा रहा है। इसी क्रम में पुलिस जवानों को विशेष प्रशिक्षण देकर उन्हें नई जिम्मेदारियों के प्रति अधिक संवेदनशील और अनुशासित बनाया जा रहा है। हालांकि प्रशिक्षण पुलिस विभाग की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन इस बार दिया गया ओथ (शपथ) और संकल्प जवानों में नई ऊर्जा और कर्तव्यनिष्ठा का संचार कर रहा है।

भागलपुर पुलिस लाइन में आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण सत्र के दौरान जवानों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की शपथ दिलाई गई। जवानों ने संकल्प लिया कि वे बिना किसी दबाव या पक्षपात के अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे और अपराध पर सख्ती से नियंत्रण रखेंगे।
ट्रेनिंग कार्यक्रम में जवानों को कानून की बारीकियों, भीड़ नियंत्रण के तरीके, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की रणनीति, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और संवेदनशील मामलों के समाधान जैसी व्यवहारिक जानकारी दी जा रही है। साथ ही, आम जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने और पुलिस-जनता के बीच भरोसा मजबूत करने के महत्व पर भी विशेष जोर दिया गया।
ट्रेनर्स द्वारा जवानों से यह भी शपथ दिलाई गई कि वे किसी भी प्रकार के अपराध या भ्रष्टाचार से दूर रहेंगे और संविधान के अनुरूप ही कार्य करेंगे। यह शपथ केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि पुलिस बल में जिम्मेदारी और ईमानदारी की नई भावना जगाने का प्रयास है।

कार्यक्रम में उपस्थित वरीय पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नई सरकार का स्पष्ट संदेश है कि बिहार में कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस बल ही लॉ एंड ऑर्डर की रीढ़ है और जब पुलिस मजबूत होगी, तब अपराध स्वतः ही कमजोर पड़ जाएगा। इसी उद्देश्य से राज्य के विभिन्न जिलों में विशेष प्रशिक्षण और शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि भागलपुर जैसे संवेदनशील जिले में इस प्रकार का प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है, ताकि किसी भी आपात स्थिति या चुनौती का सामना करने के लिए पुलिस हमेशा तैयार रहे।

इस अनुशासनात्मक कार्यक्रम का सकारात्मक प्रभाव आम लोगों में भी दिखाई दे रहा है। लोगों को उम्मीद है कि इस पहल के बाद भागलपुर सहित पूरे बिहार में अपराध पर और अधिक अंकुश लगेगा तथा पुलिस-जनता संबंध और मजबूत होंगे।













